क्या बीजेपी में शामिल होने जा रहे हरभजन सिंह, पंजाब चुनाव से पहले क्रिकेटर ने दिया जवाब
नई दिल्ली पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव आने वाले हैं। सत्तासीन कांग्रेस को जड़ से उखाड़ने के लिए सारी विपक्षी पार्टियों ने ताकत लगानी शुरू कर दी है। अकाली दल, बीजेपी, आम आदमी पार्टी अपनी जमीन टटोलने में लगीं हैं। इसी दौरान खबर आई कि पंजाब से ही आने वाले दो भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह और युवराज सिंह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। अब भज्जी की ओर से पूरे मामले पर पहली प्रतिक्रिया आई है। हरभजन ने किया खंडन टीम इंडिया के लिए 700 इंटरनेशनल विकेट लेने वाले हरभजन सिंह ने ऐसी ही एक खबर को रीट्वीट करते हुए उसे फर्जी करार दे दिया। हरभजन ने लिखा, फेक न्यूज। इस तरह उन तमाम अटकलों पर विराम लग गया जो उन्हें राजनीति से जोड़ रही थी। क्यों उड़ी ये अफवाह 3 जुलाई 1980 को जालंधर में पैदा हुए हरभजन सिंह 41 साल के हो चुके हैं। भले ही क्रिकेट से अबतक संन्यास नहीं लिया, लेकिन उनका करियर लगभग खत्म हो चुका है। इस बात को उन्होंने भी स्वीकार कर लिया है। लंबे समय से टीम से बाहर हरभजन अब शायद ही कभी भारतीय टीम की जर्सी में नजर आएंगे। क्रिकेट कमेंट्री के अलावा वह साउथ की फिल्मों में भी हाथ आजमा रहे हैं। आईपीएल में शामिल जरूर होते हैं, लेकिन टीम उन्हें खिलाड़ी नहीं एक गाइड चुनती है। ऐसे में जानकारों के मुताबिक उनके करियर का अगला पड़ाव राजनीति भी हो सकता है। तब उड़ी थी कांग्रेस में जाने की हवा ऐसा पहली बार नहीं है जब 'टर्बनेटर' की पॉलिटिक्स में एंट्री की हवा उड़ाई गई हो, बीते पंजाब चुनाव से ठीक पहले भी ऐसी ही चर्चाएं थीं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में उन्हें कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ने वाला प्रत्याशी तक बता दिया गया था। खबर थी कि अमृतसर या जालंधर से कांग्रेस उनपर दांव लगा सकती है, हालांकि तब भी ये सारी बातें कोरी अफवाहें साबित हुई थी।
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3lYTxpT