IPL में विराट को 7 बार आउट करने का रेकॉर्ड, संदीप ने बताई कैसे लिया विकेट
शारजाहदुनिया के धुरंधर बल्लेबाजों में शुमार विराट कोहली का विकेट लेना हर बल्लेबाज के लिए खास होता है। सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के कप्तान विराट कोहली को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रेकॉर्ड सात बार आउट किया है। संदीप ने इसे विशेष उपलब्धि करार दिया। संदीप ने कोहली को सात रन पर आउट करके सनराइजर्स की शनिवार को आरसीबी पर पांच विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई। आईपीएल में कोहली को सर्वाधिक बार आउट करने का रेकॉर्ड संदीप के नाम दर्ज है। पढ़ें, आईपीएल में किसी एक बल्लेबाज को सर्वाधिक बार आउट करने का संयुक्त रेकॉर्ड भी संदीप के नाम पर दर्ज हो गया है। जहीर खान ने भी महेंद्र सिंह धोनी को सात बार आउट किया था। भारत की तरफ से दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले पंजाब के इस 27 वर्षीय गेंदबाज ने कहा, ‘कोहली इस खेल के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं। उनका विकेट लेना हमेशा विशेष होता है।’ संदीप ने गेंदबाजी में अपनी योजना के बारे में कहा, ‘मैंने, जितना संभव हो पाया, ‘विकेट टू विकेट’ गेंदबाजी की और विविधता बनाए रखी। गेंद अच्छी तरह से स्विंग हो रही थी क्योंकि यहां पिच में नमी थी। हमारी रणनीति कारगर साबित हुई।’ उन्होंने मैच के बाद वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘मैंने पहला ओवर किया और मेरी जिम्मेदारी थी कि मैं जल्द से जल्द पिच को समझकर बाकी गेंदबाजों को उसके बारे में बताऊं। मैंने यह जिम्मेदारी अच्छी तरह से निभाई।’ 27 साल के संदीप ने अभी तक 2 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और एक ही विकेट लिया है। वह घरेलू क्रिकेट में पंजाब टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। (एजेंसी से इनपुट)
from Cricket News in Hindi: Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/3jNrzJV