हरभजन सिंह ने सूर्यकुमार यादव को कहा भारत का एबी डि विलियर्स
नई दिल्ली मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर अपना पांचवां आईपीएल खिताब जीता। उनकी इस जीत में बल्लेबाज का अहम रोल रहा। यादव ने 16 मैचों में 480 रन बनाए। उनका बल्लेबाजी औसत 40 से ऊपर रहा और स्ट्राइक रेट 145.01 का। वह एक से ज्यादा मौकों पर मुंबई के लिए मैच-विनर रहे। इसके बाद कई लोगों ने यह सवाल पूछा कि आखिर ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए उन्हें टीम में शामिल क्यों नहीं किया गया। दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने टि्वटर भी यह सवाल पूछा था कि आखिर सूर्यकुमार यादव ऑस्ट्रेलिया जाने वाली भारतीय टीम का हिस्सा क्यों नहीं हैं। हाल ही में हरभजन सिंह ने मुंबई के इस बल्लेबाज की तुलना एबी डि विलियर्स से की। आधिकारिक प्रसारणकर्ता स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत में हरभजन ने सूर्यकुमार यादव को भारत का एबी डि विलियर्स कहा। उन्होंने कहा, 'इस बात में कोई शकर नहीं कि सूर्यकुमार यादव ने खुद को मुंबई के लिए एक मैच-विनर के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने बल्लेबाजी में काफी जिम्मेदारी उठाई है। और ऐसा भी नहीं है कि उनका स्ट्राइक रेट 100 का है। अगर आप देखें तो वह पहली गेंद से ही प्रहार शुरू कर देते हैं।' यह पहला मौका नहीं है जब सूर्यकुमार यादव ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। मुंबई इंडियंस का हिस्सा बनने के बाद से ही उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। साल 2018 में उन्होंने 512 रन बनाए और 2019 में सीजन में 424 रन बनाए थे। सूर्यकुमार यादव की तारीफ गौतम गंभीर, इयान बिशप और टॉम मूडी भी कर चुके हैं। हरभजन ने कहा, 'उन्हें रोक पाना आसान नहीं। उनके पास सभी शॉट्स हैं। वह कवर्स के ऊपर से मारते हैं, स्वीप करते हैं। स्पिन और फास्ट बोलिंग दोनों को बहुत अच्छी तरह खेलते हैं। वह भारतीय एबी डि विलियर्स हैं।' उन्होंने कहा, 'मैं उन्हें भारतीय टीम के लिए जरूर चुनता। ऐसा नहीं हुआ लेकिन वह जल्द ही टीम का हिस्सा होंगे। अपनी बल्लेबाजी से उन्होंने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है।'
from Cricket News in Hindi: Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/3lnujiC