विंडीज टीम के सभी खिलाड़ी कोरोना निगेटिव, क्वींसटाउन में प्रैक्टिस मैच
क्राइस्टचर्चवेस्टइंडीज की पूरी क्रिकेट टीम का कोविड-19 के लिए गए तीसरे और अंतिम टेस्ट में परिणाम निगेटिव आया है और अब टीम न्यूजीलैंड ‘ए’ के खिलाफ पहले अभ्यास मैच के लिए क्वींसटाउन रवाना होगी। कैरेबियाई टीम टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट सीरीज के लिए 30 अक्टूबर को यहां पहुंचने के बाद से ही आइसोलेशन पर थी। पहले दो दौर के टेस्ट में उसके सभी खिलाड़ी निगेटिव आए थे। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने बयान में कहा, ‘टीम के सभी सदस्यों का न्यूजीलैंड दौरे के 12वें दिन कोविड-19 के लिए तीसरा और अंतिम टेस्ट कराया गया है जिसमें सभी के परिणाम निगेटिव आए हैं।’ पढ़ें, बयान में कहा गया है, ‘खिलाड़ी, प्रबंधन और सहयोगी स्टाफ के सदस्य अब आइसोलेशन से निकलकर दक्षिणी शहर क्वींसटाउन जाएंगे जहां उन्हें न्यूजीलैंड ‘ए’ के खिलाफ तीन दिवसीय और चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलने हैं।’ सीरीज की शुरुआत ऑकलैंड में 27 नवंबर को टी20 मैच से होगी। दूसरा और तीसरा टी20 मैच 29 और 30 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेले जाएंगे। इसके बाद हैमिल्टन (3-7 दिसंबर) और वेलिंगटन (11-15 दिसंबर) में दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। टेस्ट सीरीज से पहले वेस्टइंडीज 20 से 22 नवंबर तथा 26 से 29 नवंबर के बीच दो अभ्यास मैच खेलेगा। दिलचस्प बात यह है कि वेस्टइंडीज की टीम को आइसोलेशन के दौरान अभ्यास की अनुमति दी गई थी लेकिन 14 दिन के आइसोलेशन के दौरान खिलाड़ियों ने नियमों का उल्लंघन किया और इसलिए इसें वापस ले लिया गया। न्यूजीलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि खिलाड़ी क्राइस्टचर्च में टीम होटल के हॉल में आपस में मिल रहे हैं और भोजन साझा कर रहे हैं जो आइसोलेशन के नियमों का उल्लंघन है। वेस्टइंडीज के सात खिलाड़ी टी20 कप्तान कायरन पोलार्ड, टेस्ट कप्तान जेसन होल्डर, फैबियन एलेन, शिमरोन हेटमायर, कीमो पॉल, निकोलस पूरन और ओशाने थॉमस 10 नवंबर को खत्म हुए आईपीएल के लिए यूएई में थे। बोर्ड ने कहा कि ये खिलाड़ी ऑकलैंड पहुंच गए हैं और अब दो सप्ताह तक आइसोलेशन पर रहेंगे।
from Cricket News in Hindi: Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/3lwfmeh