Header Ads

Header ADS

मुख्यमंत्री ने किया सिंगल क्लिक पेंशन योजना का शुभारंभ

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज प्रशासन अकादमी में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की ‘सिंगल क्लिक से वितरण योजना’ का शुभारंभ किया। श्री चौहान ने कहा है कि प्रदेश सरकार बुजुर्गों को मजबूर नहीं रहने देगी। उनकी सुरक्षा और सेवा के सभी जरूरी कार्य किये जाएंगे। इसके लिये नई योजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरी क्षेत्रों, कस्बों और बड़े गाँवों में अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की जानकारी संकलित कर उसे सूचीबद्ध किया जाएगा ताकि उनकी सेवा और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हो सकें। बुजुर्गों की मदद के लिये हेल्प लाइन भी बनायी जाएगी, शासकीय कार्यक्रमों में कन्या पूजन के साथ ही क्षेत्र के सबसे बुजुर्ग का सम्मान भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री निवास में शीघ्र ही वृद्धजन पंचायत भी होगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सिंगल क्लिक पेंशन वितरण योजना की सराहना करते हुए कहा कि इसे और बेहतर बनाने के प्रयास किये जाए। तकनीक का इस्तेमाल मानवीय संवेदनाओं के साथ हो। बुजुर्गों के खातों में तत्काल राशि पहुँचाने की व्यवस्था की पूरी सफलता तभी है, जब बैंक के खाते में पेंशन पहुँचने के दो से तीन दिनों के भीतर राशि वृद्धजन के हाथों में पहुँच जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि पंचायत, पोस्ट ऑफिस और बैंक संयुक्त रूप से विचार कर, ऐसी व्यवस्था बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सबसे पहले बुजुर्गों के साथ है। उम्र के साथ होने वाले बदलावों के साथ भी जीवन आनंद, प्रसन्नता और खुशी के साथ जिया जाए। समाज में बुजुर्गों का सम्मान बना रहे। इसके लिये समाज को आगे आना होगा। सरकार इसमें पूरा सहयोग करेगी।

Powered by Blogger.